रचोली आईटीआई में रोजगार के लिए चयनित हुए प्रतिभागी प्रधानाचार्य के साथ।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। आईटीआई रामपुर में 10 सालों के बाद निजी कंपनी ने रोजगार मेले का आयोजन किया। इसमें 118 युवाओं को निजी कंपनी में नौकरी मिली। रोजगार मेले में शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिले के युवाओं ने भाग लिया। बद्दी की निजी कंपनी ने रोजगार मेले का आयोजन कियाऔर आईटीआई और कंप्यूटर कोर्स कर चुके युवाओं के साक्षात्कार लिए। इसमें 136 युवाओं ने भाग लिया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान राममुर के प्रधानाचार्य किरत सिंह सोहल और प्रधानाचार्य रामपुर ओंकार सिंह के प्रयासों से रोजगार मेले का आयोजन संभव हो पाया। इसमें आईटीआई पास आउट और मान्यता प्राप्त संस्थानों से कंप्यूटर कोर्स करने वाली युवाओं ने भाग लिया। कंपनी के ट्रेनिंग अधिकारी रूप सिंह और श्रम अधिकारी विरेंद्र कुमार ने युवाओं को कंपनी के कार्य और सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रधानाचार्य किरत सिंह सोहल ने बताया कि करीब 10 वर्षों बाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रामपुर, निरमंड, कुमारसैन, रिकोंगपिओ के प्रशिक्षुओं को रोजगार का अवसर प्रदान हुआ है। साक्षात्कार में आईटीआई रामपुर की 37 छात्राएं, 5 छात्र, निरमंड की 13 छात्राओं, कुमारसैन की 7 छात्राओं, रिकांगपिओ की 4 छात्राओं, एवरेस्ट आईटीआई की 7 छात्राओं और मान्यता प्राप्त संस्थान से कंप्यूटर कोर्स करने वाली 45 छात्राओं का चयन किया गया।
युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी आवंटित किए गए। इस मौके पर अधीक्षक सुखराम कश्यप, वर्ग अनुदेशक मोहम्मद याकूब, अनुदेशिका सुदर्शना देवी, ज्योति बाला, अनिता, पिंकू देवी और अनुदेशक सरन ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।