फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur: थाने में रिश्वत लेता दरोगा गिरफ्तार, दस हजार रुपये बरामद, एंटी करप्शन टीम ने मारा छापा

Tue, 07 Nov 2023 04:31 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर

सार

एंटी करप्शन की टीम ने रामपुर में कार्रवाई करते हुए दरोगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी से रिश्वत की रकम बरामद की गई है। उसके खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। 
विज्ञापन
रामपुर में रिश्वत लेनेे का आरोपी सुधीर सिंह - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

धोखाधड़ी समेत कूटरचित अभिलेख के आरोपों की धाराएं हटाने और गिरफ्तारी न करने के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गंज थाने की चौकी पाखड़ के चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार को एंटी करप्शन की टीम ने मंगलवार को रंगेहाथ चौकी में ही गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन की टीम उन्हें सिविल लाइंस थाने ले गई, जहां पर दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन


यह मामला गंज थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। क्षेत्र के मुहल्ला घेर पीपलवाला अकरम खां ने एंटी करप्शन टीम की मुरादाबाद इकाई से दरोगा की रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। जिसके बाद एंटी करप्शन टीम मुरादाबाद के निरीक्षक शैलेंद्र कुमार, विनोद कुमार और नवल कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को दोपहर के वक्त रामपुर पहुंची। गंज थाने की चौकी पाखड़ पहुंचकर घेराबंदी कर दी। टीम ने शिकायतकर्ता अकरम को चौकी भेजा और चौकी इंचार्ज को दस हजार रुपये की रिश्वत दी गई। जैसे ही दरोगा ने दस हजार रुपये की रिश्वत ली वैसे ही टीम ने दरोगा को रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम दरोगा को पकड़ कर सिविल लाइंस थाने ले गई। अकरम की शिकायत पर पुलिस ने दरोगा के खिलाफ दस हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

50 हजार रुपये में हुआ था सौदा, 10 हजार पहली किश्त के तौर पर दी थी
रामपुर। गंज थाना क्षेत्र के घेर पीपलवाला निवासी अकरम खां ने बताया कि कुछ साल पहले उनके साले ने कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से उनके व उनके साले के खिलाफ गंज थाने में जमीन के विवाद को लेकर धोखाधड़ी व कूटरचित दस्तावेज रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज करा दिया था। उसका कहना था कि चौकी पाखड़ इंचार्ज इस मुकदमे की धारा 467 हटाने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी न करने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। जिस पर उसने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। जिसके बाद दरोगा को दस हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। अकरम का कहना था कि पुलिस ने उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया था।
विज्ञापन


गंज थाने के दरोगा सुधीर कुमार को दस हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में एंटी करप्शन की टीम ने गिरफ्तार किया है। इस मामले की जानकारी मिली है। अभी विस्तृत रिपोर्ट आनी है। रिपोर्ट आने के बाद दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। -राजेश द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें