रामपुर। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभ के लिए लाभार्थी द्वारा खुद पंजीकरण कराने के लिए शुरू की गई उमंग एप पर रामपुर में लाभार्थी बड़ी संख्या में पंजीकरण करा रहे हैं। जिसकी वजह से प्रदेश में आठवां और मंडल में रामपुर का पहला स्थान आया है। जिले में उमंग एप पर इस साल अब तक 11241 गर्भवती महिलाएं पंजीकरण करा चुकी हैं।
योजना के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. राकेश चंद्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ सुलभ तरीके से लाभार्थियों तक पहुंच सके। इसके लिए उमंग नाम से एप जारी किया गया है। इस एप के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) का सेल्फ रजिस्ट्रेशन कर योजना का लाभ लिया जा सकता है। एनएचएम के डीपीएम अंकित शर्मा ने बताया कि उमंग एप के माध्यम से न केवल प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना बल्कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत चल रही आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने के लिए भी सेल्फ रजिस्ट्रेशन भी किया जा सकता है। डीसीपीएम प्रभात कुमार ने बताया कि उमंग एप पर पंजीकरण के मामले में रामपुर को प्रदेश में आठवां और मंडल में पहला स्थान मिला है। इस एप पर फिलहाल 19 राज्यों के 76 विभागों की 380 सेवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से जारी https://web.umang.gov.in/uaw/i/v/ref ; एप के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का सेल्फ रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।
पीएमएमवीवाई के सहायक जिला कार्यक्रम समन्वयक कमल सिंह ने कहा कि योजना के तहत जनवरी 2021 से अब तक पहली बार मां बनने वाली 11241 गर्भवती महिलाओं ने जिले में उमंग एप पर पंजीकरण कराया है।