दढ़ियाल में महिला से छेड़खानी और उसके बाद फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण नगर में रातभर तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस की तत्परता से हालात काबू में आ गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है।
नगर निवासी एक महिला का विवाह मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुआ है, वह नगर स्थित अपने मायके आई हुई थी। पीड़िता ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह मेन चौराहा स्थित किराना स्टोर पर सामान लेने गई थी।
तभी आरोपी मुजीब ने उसका हाथ पकड़कर पास स्थित एक मैरिज हॉल में खींच लिया और अपने साथियों तौफीक, अनस पुत्र खुर्शीद, अनस पुत्र मंसूर व मुस्तजर को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने छेड़खानी का प्रयास किया। शोर मचाने पर महिला का भाई और उसके साथी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
इसी बीच रफीक, फारुख आजाद और अन्य लोग भी वहां आ गए और हमला बोल दिया। आरोप है कि इस दौरान लाइसेंसी राइफल और रिवॉल्वर से फायरिंग की गई, जातिसूचक गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। सूचना पर पुलिस चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार और टांडा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
सीओ कीर्तिनिधि आनंद ने भी रात में ही घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। पीड़िता परिजनों संग थाने पहुंची और सभी आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। देर रात ही पुलिस ने सात नामजद आरोपियों मुजीब, तौफीक, अनस पुत्र खुर्शीद, अनस पुत्र मंसूर, मुस्तजर, रफीक और फारुख आजाद सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
सीओ टांडा कीर्तिनिधि आनंद ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एहतियातन नगर में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।