सुसाइड की पोस्ट अपलोड करते ही फेसबुक ने यूपी पुलिस के मुख्यालय में तैनात अफसरों को अलर्ट किया। उसकी सूचना पर रामपुर की साइबर सेल ने सीओ और कोतवाल को इसकी जानकारी दी। दोनों अफसरों ने युवक को खोज उसे समझाते हुए परिजनों को भी सतर्क किया।
ढकिया चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने आत्महत्या की बात फेसबुक पर पोस्ट कर दी। पोस्ट होते ही फेसबुक की ओर से लखनऊ पुलिस मुख्यालय को इसकी सूचना दी गई। लखनऊ से जिला पुलिस मुख्यालय और वहां से शाहबाद सीओ और कोतवाली पुलिस को अलर्ट किया गया।
विज्ञापन
युवक को ट्रेस करते हुए सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाया। युवक ने कहा कि गलती से पोस्ट हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। ढकिया चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने रविवार को फेसबुक पर आत्महत्या करने संबंधी एक पोस्ट कर दी।
आत्महत्या का पोस्ट देखकर फेसबुक की ओर से अलर्ट मैसेज लखनऊ पुलिस मुख्यालय भेजा गया। पुलिस मुख्यालय द्वारा इसकी जानकारी सोशल मीडिया सेल रामपुर को दी गई। सोशल मीडिया सेल रामपुर ने तुरंत युवक के संबंध में सीओ अतुल कुमार पांडेय को अवगत कराया गया।
विज्ञापन
सीओ और शाहबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ओंकार सिंह युवक को ट्रेस करते हुए उसके घर पहुंच गए। युवक से संपर्क किया और उससे आत्महत्या का कारण पूछा। हालांकि, पुलिस के पहुंचने पर युवक ने बताया कि यह पोस्ट गलती से हो गई।
युवक ने पुलिस से माफी भी मांगी। इसके बाद सीओ और प्रभारी निरीक्षक ने परिजनों के सामने ही युवक की काउंसिलिंग भी की। सीओ ने युवक को दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत भी दी।