23 अगस्त 2018 को आजम खां ने दिया था विवादित बयान
थाना अजीमनगर में आजम खां के खिलाफ दिवंगत सपा नेता अमर सिंह के परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि 23 अगस्त 2018 को आजम खां ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में अमर सिंह के परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद आजम खां के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
जेल गेट पर अफरा-तफरी, आजम बोले- बोलेरो उपलब्ध कराओ
पूर्व सांसद अमर सिंह के परिवार पर विवादित टिप्पणी मामले में शुक्रवार को सपा नेता आजम खां की कोर्ट में पेशी थी। इससे पहले ही जेल गेट पर अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जेल प्रशासन ने दोपहर बाद आजम को कोर्ट पहुंचाने के लिए बड़ा कैदी वाहन लगाया था।
बाहर आते ही इसे देख आजम खां ने उसमें बैठने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक कैदी हैं और इस वाहन में नहीं जाएंगे। उन्होंने अपने लिए बोलेरो जैसे छोटे वाहन की मांग की। वैन में बैठने से मना करते ही वह वापस जेल के अंदर लौट गए।
उनकी जिद के बाद पुलिस और जेल अधिकारी उन्हें मनाने में जुटे रहे। जेल प्रशासन ने अब उनके लिए छोटा वाहन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुछ ही देर में आजम खां को अमर सिंह टिप्पणी मामले में पेशी के लिए रामपुर कोर्ट ले जाया जाएगा। कोर्ट ने इस केस में आजम खां को स्वयं उपस्थित होने का आदेश दिया है।