रामपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन प्रेम और उत्साह के साथ मनाया गया। कोरोना संक्रमण काल होने की वजह से कई बहनें अपने भाइयों के घर नहीं पहुंच पाई थीं, लेकिन उनकी राखी जरूर पहुंच गई थी। ऐसे में बहनों ने भाइयों को वीडियो काल रक्षाबंधन की बधाई थी। भाइयों ने भी अपनी बहनों को ऑनलाइन उपहार दिया। बहनों ने अपने भाइयों को कोरोना से बचाव के लिए जरूरी ऐहतियात का पालन करने का वचन भी लिया।
सावन माह की पूर्णिमा के मौके पर रक्षाबंधन पर्व शहर से लेकर गांव तक मनाया गया। वैसे रक्षाबंधन की तैयारी तो काफी पहले से चल रही थी। कोरोना महामारी की वजह से कई बहनें अपने भाई के घर तक नहीं पहुंच पाईं। कई बहनों को उनके भाई ही मना कर दिया था कि बहना कोरोना से बचकर रहना, राखी भेज दो। इन सब ऐहतियातों के बाद भी सोमवार की सुबह से बाजार से भीड़ रही। बहनों ने मिठाई और राखी की खरीदारी की। जिन बहनों के भाई आसपास के जिलों में रहते हैं वो बस या निजी वाहन से रवाना हो गईं। सोमवार की सुबह से रोडवेज की बसों की भीड़ रही, कई जगह पर डग्गामार वाहनों में भी बहनें लदकर अपने भाई के पास गईं। ऐसे वाहनों में सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हुआ। भाइयों के घर पहुंचकर बहनों ने राखी बांधकर लंबी उम्र की दुआ मांगी। भाइयों ने भी राखी की लाज बचाने को सब कुछ न्योछावर करने का आशीर्वाद बहनों को दिया। बहनों की सुरक्षा के लिए भाइयों ने संकल्प लिया।