रामपुर। हुनर हाट में सिर्फ हस्त शिल्पियों या कारीगरों के हुनर के रंग ही नहीं बिखरेंगे बल्कि इसमें संस्कृति, हास्य विनोद और संगीत के रंग भी घुलेंगे। इसके लिए भी प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है।
जिले में पहली बार हुनर हाट जैसा मंच प्रदान करते हुए बड़ा आयोजन किया जा रहा है। हुनर हाट में न सिर्फ हस्त कारीगरों के रंग देखने को मिलेंगे बल्कि आसपास के प्रदेशों से लेकर जनपदों तक की संस्कृति के रंग और व्यंजनों की सुगंध भी शामिल होगी। इसके साथ ही हुनर हाट में 18 से 27 दिसंबर तक रोजाना सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। जिसमें बॉलीवुड से लेकर स्टैंड अप कामेडी के बड़े नाम राजू श्रीवास्तव 24 दिसंबर को आएंगे। इसी रात में बॉलीवुड म्यूजिकल नाइट का भी आयोजन होगा। हुनर हाट में 18 और 19 दिसंबर को राम राज्य विषय के साथ रामलीला प्रसंगों का मंचन सुशील जी महाराज करेंगे। इसके बाद 20 दिसंबर को बॉलीवुड गायिका रेखा राज और पंजाबी गायक भूपिंदर सिंह भूप्पी अपनी प्रस्तुति देंगे। 21 दिसंबर को बॉलीवुड गायिका स्मिता राव अपने गीतों से कार्यक्रम की रौनक बढ़ाएंगी। 22 दिसंबर को असलम साबरी कव्वाली पेश करेंगे तो 23 दिसंबर को शिवानी कश्यप गीत प्रस्तुत करेंगी। 24 दिसंबर को बॉलीवुड म्यूजिकल नाइट के साथ ही प्रसिद्ध कामेडियन राजू श्रीवास्तव आएंगे। 25 दिसंबर को कामेडियन अहसान कुरैशी के साथ ही रामपुरी कारीगरी प्रस्तुत की जाएगी। 26 दिसंबर को सूफी नाइट का आयोजन होगा जिसमें हमसर हयात निजामी आएंगे और 27 दिसंबर को कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।