शाहबाद (रामपुर)। वर्षों से सांप पकड़ने का काम करने वाले सपेरे राजेश (49) की शुक्रवार को सांप के डसने से मौत हो गई। राजेश एक सांप को पकड़कर लाए थे और उसे कट्टे (बोरी) में बंद कर घर में रखा था। शुक्रवार सुबह जैसे ही वह सांप को कट्टे से निकालने लगे, सांप ने उन्हें डस लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
रवानी पट्टी जवाहर गांव निवासी राजेश की मां उर्मिला देवी के अनुसार वह एक गांव से सांप पकड़कर लाए थे। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वह घर पर कट्टे में बंद सांप को निकाल रहे थे। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। परिजनों ने तत्काल उपचार कराने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गए। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी शाहबाद ले जाया गया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. जुबेर ने बताया कि राजेश को अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
0000
परिवार में अकेले कमाने वाले थे राजेश
शाहबाद। सर्पदंश से जान गंवाने वाले राजेश परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। वह सांपों को पकड़ने का काम करते थे। उनके परिवार में मां और पांच बच्चे हैं। पांच बच्चों में तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। अब एक बेटा और एक बेटी परिवार में हैं। उनकी पत्नी भगवती की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। संवाद
0000
वर्जन
सांप के डसने से मौत की सूचना मिली है। लेखपाल को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब की गई है। परिजनों की इच्छा के अनुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। -आदेश कुमार, एसडीएम, शाहबाद