दिनभर हुई बूंदाबांदी, आज भी बारिश के आसार
बारिश से फसलों को लाभ, क्रय केंद्रों पर भीगे गेहूं
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। ताउते चक्रवात के असर के कारण बुुधवार को जिले भर में दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। कभी हल्की बूंदाबांदी हुई तो कभी तेज बारिश हुई। बारिश से फसलों को लाभ हुआ है तो वहीं गेहूं क्रय केंद्रों पर गेहूं भीग गए। हालांकि कर्मियों ने अधिकतर गेहूं को ढक दिया लेकिन, फिर भी कुछ गेहूं भीग गए।
ताउते चक्रवात के कारण मौसम बदल गया है। कुछ दिन पूर्व तक गर्मी के कारण परेशान लोगों को ताउते चक्रवात के कारण हुए मौसम बदलाव से गर्मी में राहत मिली है। बुधवार को जिले भर में पूरे दिन बारिश और बूंदाबांदी होती रही। कई स्थानों पर मंगलवार आधी रात के बाद से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बारिश के साथ ही हवा भी चली, जिससे मौसम खुशगवार बना रहा। गुरुवार को भी बारिश के पूरे आसार हैं, जिससे मौसम में गर्मी से राहत रहेगी। मंगलवार को करीब बीस किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने से दिन भर मौसम सुखद रहा।
000
फसलों को बारिश से लाभ
रामपुर। मंगलवार रात से हुई बारिश और बूंदाबांदी से फसलों को लाभ हुआ है। इस समय में धान, गन्ना, मैंथा, चरई के साथ ही लौकी, तुरई समेत कई सब्जियों की खेती हो रही है। कुछ किसानों ने अगैती गोभी भी लगा दी है। बारिश से इन सभी फसलों को लाभ हुआ है। जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि हल्की बारिश होने से फसलों को लाभ है और खेत में मिट्टी में भी नमी बरकरार रहेगी। वहीं भाकियू अंबावता के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी का भी कहना है कि इस बारिश से इस समय हो रही सभी फसलों को लाभ होगा।
000
क्रय केंद्र पर बारिश में भीगा गेहूं, प्रभारियों ने ढकवाया
फोटो
शाहबाद। मंगलवार आधी रात के बाद से हुई बारिश बुधवार को भी पूरे दिन रुक-रुक कर होती रही। इस बारिश से गेहूं क्रय केंद्रों पर खुले में पड़े गेहूं भीग गए। हालांकि केंद्र प्रभारियों ने अधिक से अधिक गेहूं को ढक दिया लेकिन, जिन किसानों से निर्धारित तौल समय से पहले केंद्र पर गेहूं उतार दिया उनका गेहूं भीग गया।
-----
बूंदाबादी से मिली गर्मी से राहत, मौसम हुआ सुहावना
फोटो
मिलक। मिलक क्षेत्र में भी बूंदाबादी से गर्मी से राहत मिली। बूंदाबादी मंगलवार रात से ही शुरू हो गई और दिन निकलने पर रुक-रुककर हुई। लोगों ने सुहावने मौसम का लुत्फ उठाया। लॉकडाउन के मद्देनजर बूंदाबादी के बीच रोड पर कम ही लोग दिखाई दिए।