रामपुर। बारिश ने एक बार फिर जोरदार वापसी की है। कुछ दिन बारिश न होने के बाद अब शुक्रवार दोपहर बाद से एक बार फिर थम-थमकर लगातार बारिश हो रही है। शनिवार तड़के से लेकर करीब दोपहर तक झमाझम बारिश हुई जिससे शहर की गलियां पानी में डूब गईं। कई वीआईपी कालोनियों से लेकर मार्गों तक पर लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा।
करीब दो सप्ताह तक लगातार बारिश होने के बाद इस सप्ताह में कुछ दिन बारिश नहीं हुई। बारिश थमते ही तेज धूप ने लोगों को गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया लेकिन, शुक्रवार दोपहर से एक बार फिर तेज बारिश हो रही है। शनिवार तड़के से लेकर दोपहर तक हुई झमाझम बारिश से किला परिसर में महिला डिग्री कालेज के निकट, पुराना गंज, पांच कब्र, नूरमहल आवास विकास, जौहर अली रोड पर कलक्ट्रेट व गांधी समाधि के निकट, पुराना रोडवेज बस अड्डा, शिव विहार, कृष्णा विहार कालोनी का कुछ हिस्सा, विकास नगर, बरेली गेट समेत तमाम मोहल्लों में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं आर्द्रता 75 से 85 फीसदी के बीच रही।