रेलवे फाटक पर मरम्मत कार्य कर रहे रेलवे कर्मी द्वारा गेट न खोलने पर पुलिस कर्मियों ने पिटाई कर दी। मामले की सूचना रेलवे अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद घायल कर्मी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। मामले में पीड़ित की तहरीर पर एनसीआर भी दर्ज कर ली गई है।
घटना मूंढापांडे क्षेत्र में स्थित रेलवे क्रासिंग के फाटक नंबर 407 सी की है। रेलवे कर्मी मनोज कुमार शुक्रवार रात गेट की मरम्मत कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान यूपी 22जी 0509 नंबर का एक पुलिस वाहन आया, जिस पर एंटी रोमियो लिखा था। वाहन से दो पुलिस कर्मी उतरे और मनोज कुमार से गेट खोलने को कहा। जिस पर उसने कहा कि गेट खराब है और उसे खोला नहीं जा सकता। वो सिर्फ गेट की मरम्मत कर रहा है। इसी बात को लेकर पुलिस कर्मियों ने उसे गाली देते हुए पीटना शुरू कर दिया और लात-घूंसों के साथ ही कान पर भी मारा। जिससे उसके कान में गंभीर चोट लग गई।
मनोज कुमार ने घटना की जानकारी जीआरपी और आरपीएफ के साथ-साथ अपने अधिकारियों को दी। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित रेलवे कर्मी की तहरीर के आधार पर उसे उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। तहरीर के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ ने एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरपीएफ ने मामले की रिपोर्ट वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मुरादाबाद को भी भेज दी है।