कोहरे में हादसे का खतरा, लोगों ने की रेलिंग लगवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वार। घने कोहरे के बीच स्वार–बिलासपुर मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। इसका मुख्य कारण मार्ग पर जगह-जगह क्षतिग्रस्त और टूटी हुई रेलिंग तथा एक पुलिया की दीवार का ध्वस्त होना है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्वार से मिलक खानम के बीच जहां-जहां किनारों में गहरी खंतियां हैं, वहां लोक निर्माण विभाग द्वारा यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा के लिए रेलिंग लगवाई गई थी, लेकिन पड़ताल में सामने आया कि कई स्थानों पर ये रेलिंग क्षतिग्रस्त हैं या पूरी तरह से गिर चुकी हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ स्थानों से रेलिंग चोरी भी हो सकती हैं।
पीलाखार नदी के पुल की पूर्वी दिशा में पुल की अप्रोच पर रेलिंग नीचे गिरी हुई है, जिससे कोहरे के समय वाहन चालकों को खतरा बना रहता है। यहीं मार्ग भी क्षतिग्रस्त हालत में है। वहीं अंटीखेड़ा के पास भी रेलिंग क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी हुई है, जिसे चोरों द्वारा उठाए जाने की आशंका बनी हुई है।
इसके अलावा रजानगर में जहां सड़क नहर की पुलिया को क्रॉस करती है, वहां पुलिया की उत्तरी दिशा की दीवार पूरी तरह गायब है। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने पर यदि कोई वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया में गिरता है तो यह जानलेवा हादसे का कारण बन सकता है।
-
इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को टूटी रेलिंग और पुलिया की दीवार के बारे में अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रेलिंग और पुलिया की जल्द मरम्मत की जाए। -आले नबी, प्रधान, रजानगर
स्वार-बिलासपुर मार्ग पर रोजाना भारी संख्या में वाहन चलते हैं। कोहरे के मौसम में टूटी रेलिंग और खुली पुलिया लोगों की जान के लिए खतरा बनी हुई है। विभाग को तुरंत सुरक्षा कार्य कराने चाहिए। -मोहम्मद आसिफ, मिलक खानम
-
पीलाखार की एप्रोच रोड पर रेलिंग समेत अन्य कार्यों का एस्टीमेट तैयार करा लिया गया है। रजानगर पुलिया की दीवार की जानकारी मिली है। जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। -रविंद्र पाल, जेई, लोक निर्माण विभाग