शाहबाद (रामपुर)। दिल्ली में हुई चोरी के तार शाहबाद से जुड़े मिले हैं। दिल्ली पुलिस के छापे के बाद शाहबाद की एक दुकान से चोरी किया हुआ माल बरामद हुआ। पुलिस ने माल के साथ एक दुकानदार को हिरासत में लेकर शाहबाद कोतवाली में पूछताछ की। पूछताछ में दुकानदार ने शाहबाद के ही एक अन्य व्यक्ति से माल खरीदने की बात कही है।
दिल्ली के बवाना थानाक्षेत्र में एक दुकानदार प्रवीण गुप्ता की दुकान में बीते कुछ दिन पूर्व बिजली के सामान समेत लगभग बारह लाख रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस ने बवाना थाना क्षेत्र के सलमान मलिक को गिरफ्तार कर किया था। पूछताछ में उसने बताया कि शाहबाद में भी उसने चोरी किया हुआ माल बेचा था। सोमवार सुबह को दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर उदय ने टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान नगर की एक दुकानदार के यहां से चोरी किया हुआ माल बरामद हुआ। पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में ले कर सख्ती के साथ पूछताछ की, जिसमें दुकानदार ने बताया कि शाहबाद के एक व्यक्ति से उसने माल खरीदा था। वहीं दुकान को सामान बेचने वाले आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। इस बीच दिल्ली पुुलिस कुछ संदिग्धों से कोतवाली परिसर में पूरा दिन पूछताछ करती रही।