उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जिले की 149 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राहुल गांधी की तुलना नहीं की जा सकती। आज विपक्ष के पास नेता ही नहीं है।
मौर्य ने कहा कि राहुल राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जिन्हें अगर प्रधानमंत्री बना भी दिया जाए तब भी वह देश नहीं चला सकते। महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वर्तमान में विपक्ष के पास कोई नेता नहीं है। यही वजह है कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले जनेऊ धारण कर रहे हैं, तो रामभक्तों पर अत्याचार करने वाले सैफई भगवान विष्णु का मंदिर बनाने की बात कर रहे हैं।
विपक्ष के लोग कहते हैं कि मोदी-योगी ने कुछ नहीं किया, लेकिन यदि उन्होंने कुछ नहीं किया तो क्यों अकेले चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर रहे हैं। लोकसभा के चुनाव में रामपुर में कमल खिलाकर डींगे हांकने वाले यहां के एक नेता को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में पुलिस के जवानों को छूट नहीं थी, लेकिन अब बड़े-बड़े अपराधियों को या तो जेल में ठूंस दिया गया है या फिर उन्हें जहां जाना चाहिए था वहां भेज दिया।
पहले सिर्फ पांच जिलों का विकास होता था, लेकिन अब हर जिले का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पूरी ईमानदारी से गांव, गरीब और किसान के लिए काम किया है। यही वजह है कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है और देश के 70 फीसद भूभाग पर भाजपा की सरकार है।
मौर्य ने कहा कि अब किसी को अपने इलाज के लिए घर के जेवर गिरवी रखने की आवश्यकता नहीं है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों का भी एक साल में पांच लाख रुपये तक का इलाज हो सकेगा। उन्होंने वैश्विक मुद्दों पर भी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। बोले, पहले देश के दुश्मन हमारे जवानों को मारकर चले जाते थे, लेकिन सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से देश के दुश्मनों की कब्र अब उन्हीं की जमीन पर बनाई जा रही है। सेना को खुली छूट दी गई है।
उन्होंने 2019 में भी भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। ताकि, देश को नंबर एक बनाया जा सके। इसके लिए उत्तर प्रदेश को नंबर एक बनाना होगा। उन्होंने चुनाव भी मोदी के नाम पर होने की बात कही। इससे पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पैक्सपेड चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, सांसद डॉ. नेपाल सिंह, जिले के प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन, जिलाध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने बटन दबाकर योजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आजम खां ने जो गलत निर्माण कार्य कराया है उसकी जांच होगी।