रामपुर में राधा रोड की जर्जर हालत। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। शहर की राधा रोड गहरे-गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। आलम यह है कि सड़क के दोनों ओर के मोड़ जर्जर हो गए हैं। ऐसे में आए दिन लोग गिरकर चोटिल होते रहते हैं। बावजूद इसके नगर पालिका की ओर से सड़क की बदहाली को दूर करने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। यदि सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद से ही सबसे ज्यादा जोर सड़कों पर रहा है। यहां तक कि गड्ढा मुक्त सड़क के लिए अभियान भी चलाए जाते रहते हैं। फिर चाहे वह नगर पालिका की सड़क हो या फिर लोक निर्माण विभाग और अन्य किसी विभाग की सड़क हो। जिले की सड़कों का तो बहुत बुरा हाल है। शहर की सर्वाधिक व्यस्त रहने वाली राधा रोड बुरी तरह से खराब हो चुकी है। शौकत अली रोड को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 87 जोड़ने वाली यह सड़क इतनी बदहाल है कि सड़क में गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। दोनों किनारों से सड़क टूट चुकी है। राधा कॉलोनी के पास तो सड़क इतनी खराब है कि पैदल चलने वाले का भी पैर गलत पड़ जाए तो मोच आ जाए। इस जर्जर मार्ग पर हर रोज दो पहिया वाहन सवार और पैदल आने जाने वाले लोग गिरते रहते हैं, जिससे उन्हें चोटें लगती रहती हैं। सड़क पर दोपहर में धूल का गुबार रहता है, जिससे दुकानदार परेशान हैं। उनका सामान भी खराब हो जाता है। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों ने कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि सड़क ठीक करा दी जाए, लेकिन नगर पालिका की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। हालांकि, अब जानकारी सामने आ रही है कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव नगर पालिका बोर्ड की बैठक में पास हो चुका है, जिसके टेंडर की प्रक्रिया की जा रही है।
नगर पालिका की ओर से सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास हो चुका है। अब इस सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। संभवतया आगामी एक माह में सड़क को ठीक करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- महेन्द्र सिंह, नगर अभियंता, नगर पालिका परिषद, रामपुर