बिलासपुर। पंजाब पुलिस की टीम ने रविवार रात उत्तराखंड सीमा से सटे दो गांवों में वांछित आरोपियों की तलाश में छापेमारी की। हालांकि आरोपी नहीं मिले, जिसके बाद टीम बैरंग लौट गई।
होशियारपुर थाने की तीन सदस्यीय पुलिस टीम रविवार रात करीब नौ बजे कोतवाली बिलासपुर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस को बताया कि उनके थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के आरोपी कोतवाली क्षेत्र के उत्तराखंड सीमा से सटे गांव हजरतपुर और मानपुर ओझा में रह रहे हैं।
इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ टीम रुद्रबिलास चौकी पहुंची और दोनों गांवों में छापेमारी की, लेकिन कोई भी आरोपी हाथ नहीं लगा।
कार्रवाई के बाद पंजाब पुलिस की टीम रात में ही वापस लौट गई। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस अपनी कार्रवाई करके वापस लौटी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी साझा नहीं की गई।