कोतवाली क्षेत्र के भुड़ासी गांव में स्कूल और मंदिर के पास से शराब की दुकान हटाए जाने को लेकर शनिवार को दोपहर पब्लिक का गुस्सा फूट पड़ा था । महिलाओं और पुरुषों ने लाठी- डंडे लेकर शराब की दुकान पर धावा बोल कर शराब की दुकान को हटाए जाने की मांग को लेकर शाहबाद- चंदौसी मार्ग पर जाम लगा दिया था।
भुड़ासी गांव में जाम लगाए जाने की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ गांव जा पहुंचे और जाम लगाए बैठे महिलाओं और पुरुषों को समझा- बुझाकर जाम खुलवाया था। इस दौरान मौके पर पहुंचे आबकारी विभाग के निरीक्षक ने भी मंदिर व स्कूल के पास से दुकान हटाए जाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद उत्तेजित महिलाओं और पुरुषों ने जाम खोल दिया था लेकिन आज शनिवार को तीसरे दिन फिर शराब सेल्समैन शराब लेकर गांव जा पहुंचा और उसने पुरानी जगह के पास ही शराब बेचनी शुरू कर दी। इस पर लोग भड़क गए और उन्होंने हंगामा करते हुए गांव से शराब सेल्समैन को खदेड़ दिया।
साथ ही गांव में होकर गुजर रहे शाहबाद- चंदौसी मार्ग पर लाठी- डंडे लेकर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर जा पहुंची। इस दौरान पुलिस के जाम खोलने को कहने पर उत्तेजित महिलाओं ने पुलिस कर्मियों को भी खरी खोटी सुनाईं। चेतावनी दी कि वे किसी भी कीमत पर अपने गांव में शराब की दुकान नहीं खोलने देंगे। अगर प्रशासन को शराब की दुकान खुलवानी है तो गांव से बाहर खुलवाए। पुलिस ने ग्रामीणों को गांव से बाहर ही शराब की दुकान खुलवाने का आश्वासन दिया तब जाकर आक्रोशित लोगों ने जाम खोला।