स्वार। बाजपुर मार्ग स्थित एक स्वीमिंग पूल में नहाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक युवक का मोबाइल टूट गया और बाइक भी लापता हो गई। इस घटना को लेकर भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज ने कोतवाली पहुुंच कर प्रदर्शन किया और पीड़ितों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी।
बाजपुर मार्ग स्थित एक स्वीमिंग पूल है, जहां आसपास के युवक स्वीमिंग के लिए जाते हैं। रविवार को कलीनगर गांव निवासी अर्जुन, विकास और संदीप स्वीमिंग करने के लिए गए थे। आरोप है कि इन्हें स्वीमिंग करने से रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते ही देेखते मारपीट भी शुरू हो गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। इसके बाद तीनों युवक घर आए और घटना से अवगत कराया। परिजन ने भावाधस के प्रांतीय मंत्री दीप सिंह राही को जानकारी दी तो तमाम कार्यकर्ता घटना के विरोध में कोतवाली पहुंच गए और प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ मारपीट, जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने, मोबाइल तोड़ने तथा बाइक लापता करने की तहरीर दी।
प्रदर्शन करने वालों में अर्जुन, विकास, संदीप, रोशन लाल, याकूब, राहुल, सुदेश, विपिन, प्रेम और राकेश आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस बीच नगर के संभ्रांत लोग इस मामले में समझौता कराने का प्रयास भी कर रहे हैं। उधर, कोतवाल हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला मारपीट का है। तहरीर मिली है, जिसकी जांच कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।