रामपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) से जुड़े शिक्षकों ने बुधवार को पुरानी पेंशन बहाली समेत 18 मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा।
इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह ने कहा कि नवीन पेंशन योजना शिक्षकों की वृद्धावस्था में उनके जीवन यापन के योग्य नहीं है। वृद्धावस्था में जीवन यापन करने के लिए पुरानी पेंशन को ही बहाल किया जाए। कहा कि शिक्षकों की तमाम समस्याओं को लेकर अभी तक कोई हल नहीं किया गया है। समस्याओं के निस्तारण न होने से शिक्षकों में असंतोष है। इसके बाद शिक्षकों ने निशुल्क चिकित्सा सुविधा, वित्तविहीन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने, महंगाई भत्ते को पूर्ववत बनाए रखने, शिक्षकों के स्थानांतरण नीति का सरलीकरण किए जाने, विद्यालयों में कार्यरत कंप्यूटर व व्यवसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक की तरह कार्य कराकर समान कार्य समान वेतन देने समेत 18 मांगों को शामिल करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह, विक्रम सिंह और अजय सिंह राठौर के नाम शामिल हैं।