भोट (रामपुर)। कृषि कानूनों के विरोध में पिछले 42 दिनों से कोयला टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों ने गुरुवार को महंगाई के विरोध में सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित किसानों ने हाईवे किनारे रसोई सिलिंडर रखकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कृषि कानूनों के विरोध में कोयला टोल प्लाजा पर भाकियू कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना 42वें दिन भी जारी रहा।जिलाध्यक्ष हसीब अहमद की मौजूदगी में किसानों ने सड़क किनारे सिलिंडर रखकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि जब तक तीनों कृषि और कानून रद्द और महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने आंदोलन में गेहूं खरीद में धांधली का स्थानीय मुद्दा भी शामिल करते हुए एलान किया कि गेहूं खरीद में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ जब तक कार्रवाई नहीं होगी तब तक रोजाना इससे संबंधित अधिकारियों के पुतले फूंके जाते रहेंगे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार महंगाई बढ़ाकर जनता को और मुसीबत में डाल रही है। पेट्रोलियम पदार्थों के साथ रसोई गैस की भी बेतहाशा वृद्धि कर रही है। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। जिलाध्यक्ष ने आंदोलन को और गति देने के लिए कार्यकर्ताओं को अगली रणनीति पर भी चर्चा की। इस दौरान मनजीत सिंह, लखविंदर सिंह, जालंधर सिंह, गुरप्रीत सिंह,साबिर अली, मोहम्मद तालिब, इरफान हसन, सुलेमान, रंजीत सिंह यादव, विनोद यादव, राम बहादुर, सलीम, हरिओम रवि, हाजी अनवर, मुजफ्फर अली, शाकिर अली, भूरा, सुलेमान, अब्दुल मुस्तफा, रामपाल, रामगोपाल, लीलाधर, मुजम्मिल, खेमकरण मोतीराम,जगदीप सिंह आदि मौजूद रहे।