राशन की समस्या के समाधान को लेकर सोमवार को आयोजित राशन समाधान दिवस अव्यवस्थाओं का शिकार हो गया। नाराज लोगों ने जिला पूर्ति अधिकारी की गाड़ी पर चढ़कर जमकर हंगामा किया। करीब आधे धंटे तक लोग यहां पर हंगामा करते रहे। इस दौरान समाधान दिवस में लगाए गए काउंटरों को भी बंद करा दिया गया। अफरातफरी के माहौल के बीच मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट और कोतवाली पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह शांत कराया।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लागू होने के बाद राशन वितरण से लेकर राशन कार्डों के न बनने की शिकायतें आम हो गई हैं। लगातार बढ़ती शिकायतों के समाधान एक ही छत के नीचे कराने के लिहाज से डीएम ने तहसीलों में राशन समाधान दिवस आयोजित कराने के आदेश दिए थे। इस आदेश के बाद मंगलवार को राजकीय रजा इंटर कालेज में शहरी क्षेत्र के राशन कार्ड धारकों के लिए समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। मगर, समाधान दिवस में अव्यवस्थाओं की भरमार थी। यहां पर न तो सत्यापन अधिकारी ही पहुंचे थे और न ही पर्यवेक्षणीय अधिकारी। मगर, पब्लिक खूब पहुंच गई। सुबह से ही कालेज में भीड़ लग गई। काउंटरों पर सत्यापन अधिकारी न होने से लोगों की दिक्कते बढ़ रही थीं। यहां पर कोई
आवेदन लेने वाला तक नहीं था। भीषण गर्मी में लोग इधर उधर भटकते रहे, जिसके बाद लोगों का पारा चढ़ गया।
गुस्साए लोगों ने यहां पर हंगामा शुरू कर दिया। पहले यहां पर पूर्ति निरीक्षक केपी दीक्षित को घेरकर हंगामा करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने काउंटरों को बंद करा दिया। इस बीच मामले की जानकारी पाकर डीएसओ आरपी सिंह भी यहां पहुंच गए। डीएसओ को देख लोगों का पारा और चढ़ गया। लोगों ने डीएसओ की गाड़ी को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक हंगामे की स्थिति भी बनी रही,जिससे लोगों को दिक्कत हुई। डीएसओ काफी देर तक गाड़ी में ही कैद रहे। जानकारी पाकर सिटी मजिस्ट्रेट मदन गर्बियाल और शहर कोतवाल मय फोर्स के यहां पहुंच गए। यहां हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह शांत किया। इसके बाद यहां मौजूद भीड़ के फार्म लेने शुरू किए गए। इसके बाद समाधान दिवस खत्म कर दिया गया।