रामपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा मंत्री को बर्खास्त करने की भी मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय पर एकत्र हुए और यहां से नवाब गेट पर पहुंचे। जहां पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री का पुतला का फूंककर नारेबाजी की। इस अवसर जिला अध्यक्ष बलजीत सिंह बिट्टू ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली कर्मचारियों क़े पैसोंको लूट रही है। अपनी जेब भरने क़े लिए बिजली कर्मचारियों को लूटा जा रहा है। कांग्रेसियों ने सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली विभाग के पीएफ घोटाले का जिम्मेदार कौन है? ऊर्जा मंत्री बताएं कि वह सितंबर-अक्टूबर 2017 में दुबई की आधिकारिक यात्रा पर किस उद्देश्य से गए थे? इस बात की जांच होनी चाहिए कि सितंबर-अक्टूबर 2017 में ऊर्जा मंत्री किस प्रयोजन से दुबई गए थे और वहां किन लोगों से मुलाकात की। यह दौरा उसी समय किया गया, जब डीएचएफएल का पैसा सनब्लिंक को जा रहा था। ऊर्जा मंत्री 10 दिन की इस आधिकारिक यात्रा के उद्देश्य बताएं। उन्होंने सरकार से बिजली कर्मचारियों के पीएफ निवेश पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। चूंकि डीएचएफएल से समझौता योगी आदित्यनाथ की सरकार में हुआ है, इसलिए तत्काल प्रभाव से ऊर्जा मंत्री को बर्खास्त किया जाए।
साथ ही कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष मामून शाह खां, धर्मेन्द्र देव गुप्ता, नोमान खां, प्रमिल कुमार शर्मा, आमिर मियां,फैसल हसन, शैजी राहुल, रहमान अली, आमिर कुरैशी, इरफान अली, असलम सैफी, ताबिश खां, आजम अंसार आदि मौजूद रहे।