स्वार (रामपुर)। क्षेत्र के ज्वालापुर और हसनपुर उत्तरी के बीच स्थित नदी की कमजोर पुलिया पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का काम इन दिनों तेजी से चल रहा है। विभाग पुराने पुल के ऊपर ही नई सड़क डालने की तैयारी में है। इसे लेकर ग्रामीणों में असंतोष और चिंता है। ग्रामीणों ने लोकनिर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया करीब 25 साल पुरानी और जर्जर हो चुकी है। ऐसे में उसके ऊपर नई सड़क डालने से भविष्य में हादसों का खतरा और बढ़ जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि यहां पर नई पुलिया का निर्माण होना चाहिए ताकि राहगीरों और वाहनों को सुरक्षित मार्ग मिल सके। प्रदर्शनकारियों गजेंद्र सिंह सैनी, मदन पाल, रामकिशोर, नरेश, सोमपाल, रविंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, विक्की, रतनलाल, रिंकू दिवाकर, कृपाल सिंह, हरपाल सिंह, मान सिंह, राकेश और महेंद्र सिंह समेत अनेक ग्रामीण रहे।
ग्रामीणों ने विभाग से गुहार लगाई है कि पुराने पुल की मरम्मत के बजाय यहां नई पुलिया का निर्माण कराया जाए, जिससे लंबे समय तक लोगों को सुविधा मिल सके।