बिलासपुर (रामपुर)। गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह नवाबगंज में सोमवार को आठवें दिन दिन भी एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, व कोतवाली प्रभारी समेत पुलिस बल तैनात रहा। आम संगत को गुरुद्वारे के अंदर मत्था टेकने के लिए प्रवेश नहीं दिया गया। पसियापुर रोड स्थित शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारे पर वर्चस्व कायम रखने के लिए दो पक्षों के बीच 15 सितंबर मारपीट के बाद फायरिंग व पथराव हुआ था। दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ जानलेवा हमला आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। डीएम व एसपी ने भी गुरुद्वारा स्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देश दिए थे। प्रशासन ने गुरुद्वारा क्षेत्र की पैमाइश भी कराई थी, लेकिन अभी प्रशासन ने किसी को भी क्लीन चिट नहीं दी है। दोनों पक्षों को गुरुद्वारे से अलग रखा गया है। सोमवार को पूरे दिन गुरुद्वारे पर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।
एसडीएम अरुण कुमार, सीओ रविंद्र प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह, तहसीलदार शिव कुमार शर्मा अपने मातहतों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर अपनी पैनी नजर बनाए रखे हुए थे। संगत का कहना था कि गुरुद्वारा पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें गुरुद्वारे के अंदर नहीं जाने दिया। उन्हें बाहर से ही वापस भेज दिया था। संवाद