बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन भानु की मासिक पंचायत तहसील परिसर पार्क में आयोजित की गई, जिसमें किसानों ने नवीन मंडी में हो रहे शोषण के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष मोहम्मद सलीम वारसी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में किसानों ने मंडी प्रबंधन पर धान की खरीद में मनमाने तरीके अपनाने और किसानों का शोषण करने का आरोप लगाया। इसके बाद किसानों ने एसडीएम को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
ज्ञापन में मुख्य मांगों के तहत धान खरीद में शोषण रोकने, नहरों से अवैध कब्जे हटाने और मंडी में तहसील स्तरीय अधिकारी की मौजूदगी में धान खरीद सुनिश्चित कराने जैसे मुद्दे शामिल थे।
नायब तहसीलदार ने किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। यहां इस अवसर पर युवा जिला अध्यक्ष मोहम्मद आसिम रजा, रईस अहमद सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।