सनातन धर्म इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश के निलंबन के खिलाफ शिक्षकों का गुस्सा बरकरार है। गुस्साए शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर के सामने प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान शिक्षकों ने मांग रखी कि प्रधानाचार्य का निलंबन वापस लिया जाए।
साथ ही मामले में कालेज की प्रबंध समिति को भंग करने की भी मांग रखी है। सनातन धर्म इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश का पिछले दिनों निलंबन कर दिया गया था। इस निलंबन के खिलाफ शिक्षक लामबंद हो चुके हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ ने निलंबन के खिलाफ आवाज बुलंद की है।
इस मुद्दे कोलेकर शिक्षकों ने शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर पर धरना देने का एलान किया था। इसके बाद संघ की ओर से शुक्रवार को धरना दिया गया। संघ के बैनर तले जुटे शिक्षकों ने शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की।
शिक्षकों ने कालेज की प्रबंध समिति द्वारा लिए गए फैसले पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश का निलंबन गलत तरीके से किया गया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि प्रधानाचार्य का निलंबन वापस लिया जाए, ताकि शिक्षकों का गुस्सा कम हो सके।
इस दौरान शिक्षकों ने कार्यवाहक जिला विद्यालय निरीक्षक हरिनाथ सिंह यादव को ज्ञापन दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक को संबोधित ज्ञापन में कालेज की प्रबंध समिति को भंग करने और प्रधानाचार्य को बहाल कराने की मांग रखी। चेतावनी दी गई कि यदि निलंबन वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, प्रेम सिंह,संजीव सिंह, नरेंद्र पाल, मनोज मिश्रा, प्रमोद कुमार, तेजपाल सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, दिनेश चंद्र शर्मा, प्रदीप चौहान, धर्मेंद्र कुमार चौहान, तेजपाल सिंह, महावीर सिंह, राम नरेशतोमर, प्रदीप कुमार पाठक, तुलाराम, सुनीता आदि रहे। संचालन जिलामंत्री सोमपाल सिंह ने किया।