रामपुर। जिले में जमीनों और संपत्तियों के सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। करीब दो साल बाद प्रस्तावित नई मूल्यांकन दरों में 20 से 25 फीसदी तक बढ़ोतरी की तैयारी है। प्रशासन ने नई दरों की प्रस्तावित सूची प्रकाशित कर दी है। इस पर 24 अक्तूबर तक आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद नई दरों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
जनपद में जमीन और अन्य संपत्तियों की मूल्यांकन दरों के पुनरीक्षण के लिए प्रस्तावित सूची आम लोगों के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी। इच्छुक लोग सूची देखकर 24 अक्तूबर को शाम पांच बजे तक अपनी आपत्ति और सुझाव प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रस्तावित दरों में बदलाव से जमीन की रजिस्ट्री के दौरान लगने वाले स्टांप शुल्क पर भी असर पड़ सकता है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला निबंधक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि प्रस्तावित मूल्यांकन दरों की सूची उनके कार्यालय के अलावा सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय, संबंधित उप निबंधक कार्यालयों, उप जिलाधिकारी और तहसीलदार कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी। लोग संबंधित कार्यालयों में सूची का अवलोकन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त आपत्तियों और सुझावों का निस्तारण 30 अक्तूबर को कलक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा। इस दौरान संबंधित पक्षों को उपस्थित रहना होगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि प्रस्तावित दरों का समय से अवलोकन कर निर्धारित अवधि के भीतर अपनी आपत्ति या सुझाव प्रस्तुत करें, ताकि पुनरीक्षण की प्रक्रिया में उन पर विचार किया जा सके।
यहां बढ़ेंगे सर्किल रेट
- शाहबाद रोड पर बाईपास पर 25 फीसदी
- हाईवे किनारे और नैनीताल हाईवे पर 25 फीसदी
- ज्वाला नगर और इससे जुड़ी कॉलोनियों में 20 फीसदी
- स्वार रोड, गांधी समाधि मुरादाबाद बाईपास पर 20 फीसदी
- फ्रेंड्स कॉलोनी, शिवापुरम और पनवड़िया में 20 फीसदी