स्वार। दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर आठ माह की गर्भवती विवाहिता से मारपीट कर पेट में लात मारने का आरोप लगा है। मारपीट के बाद विवाहिता की हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान उसके मृत बच्ची हुई। आरोप है कि गर्भस्थ बच्ची की मौत मारपीट के कारण हुई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति समेत छह ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
अलीनगर जागीर गांव निवासी गुलफिजा का निकाह करीब छह साल पहले फैजान से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि आठ माह की गर्भवती होने के बावजूद उसके पेट में लातें मारी गईं और मेरिज हॉल वाली पुलिया के पास छोड़कर चले गए।
विवाहिता के पिता उसे 16 अगस्त को सीएचसी स्वार लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रामपुर रेफर कर दिया। वहां से मेरठ और फिर मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान वहीं उसने बच्ची को जन्म दिया, लेकिन वह मृत थी। पीड़िता ने पति फैजान, ससुर अब्बास, चचिया ससुर खलील, सास कलसूम, चचिया सास तसलीम और देवर तौफीक को नामजद किया है।
सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवेचना के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।