संवाद न्यूज एजेंसी कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। विकासखंड नारकंडा की शलौटा पंचायत को दशहरे के अवसर पर पांच लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। ग्रीनवेरी फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी राजेश गुप्ता ने पंचायत के निर्विरोध चुने जाने पर यह राशि देने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। शलौटा पंचायत की प्रधान अंजू मंगल ने बताया कि दशहरे के अवसर पर राजेश गुप्ता स्वयं पंचायत पहुंचकर प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सम्मान राशि प्रदान करेंगे। राजेश गुप्ता लंबे समय से विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर रहे हैं। वह गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) रहने वाले परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहयोग देने के साथ महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और युवक मंडलों को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान करते हैं। पंचायत प्रधान अंजू मंगल ने कहा कि समाजहित में योगदान देने वाले लोगों की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शलौटा पंचायत को मिलने वाली सम्मान राशि से ग्रामीणों का उत्साह बढ़ेगा और सामाजिक कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा।
कुमारसैन में रावण दहन कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
शलौटा पंचायत में सम्मान राशि प्रदान करने के बाद राजेश गुप्ता कुमारसैन व्यापार मंडल की ओर से आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। दशहरे के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों के शामिल होने की संभावना है। प्रधान अंजू मंगल ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने और समाजसेवी राजेश गुप्ता के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने की अपील की है।