अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
टांडा। ग्राम लक्ष्मीनगर निवासी पीआरडी जवान मंजीत सिंह (35) की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। हादसा ग्राम सरकथल क्षेत्र में देर रात उस समय हुआ था जब वह दढ़ियाल से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मंजीत सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें रामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंजीत सिंह पीआरडी जवान थे और टांडा थाना क्षेत्र में ड्यूटी करते थे। उनकी मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता राजपाल का करीब डेढ़ साल पहले निधन हो चुका है। परिवार में छोटा भाई मजदूरी करता है। मंजीत सिंह की दो छोटी बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र दो साल और दूसरी छह माह बताई जा रही है।
घटना के बाद ग्राम सरकथल के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने सड़क पर बढ़ते हादसों पर चिंता जताते हुए स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट, चेतावनी संकेतक और नियमित चेकिंग की मांग की है। साथ ही अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की गई है।
सीओ कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।