रामपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगहबानी में होगी। बोर्ड ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए है, कि वह प्रयोगशालाओं को दुरुस्त कर लें ताकि विद्यार्थियों को कोई परेशानी न आए।
कोरोना संक्रमण के कारण प्रयोगात्मक परीक्षाएं नहीं हो पाई थीं। सत्र 2020-21 की 10 वीं और 12 वीं बोर्ड की परीक्षा नहीं हुई थी। बगैर परीक्षा के ही परीक्षार्थियों को परीक्षा में उत्तीर्ण कर दिया गया था। लेकिन, इस बार कोरोना संक्रमण काबू में होने के बाद सभी बोर्ड ने परीक्षा को आफलाइन कराने का निर्णय लिया है। शासन से आए निर्देश पर यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा वीडियो कैमरे की निगरानी में होगी। शासन के फरमान के बाद डीआईओएस ने पत्र जारी कर कॉलेज संचालकों को सभी प्रयोगात्मक परीक्षाओं को सीसीटीवी, वीडियो और मोबाइल फोन के कैमरों की निगरानी में कराने के निर्देश दिए हैं।