फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांवों को स्वच्छ बनाने में प्रधानों की भूमिका अहम : डीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। जनपद में 15 अगस्त तक मनाए जा रहे साप्ताहिक गंदगी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान और सचिवों द्वारा शासन के स्तर से जारी किए गए निर्देशों के अनुसार विशेष अभियान चलाया जाएगा।
विज्ञापन

जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से वर्चुअल रूप में सभी ग्राम प्रधानों के साथ ई चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पूरे सप्ताह आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए गांव का सर्वांगीण विकास होना बेहद जरूरी है, क्योंकि ग्रामीण अवसंरचना में सुधार से ही आम व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार और विभिन्न प्रकार की संक्रामक बीमारियों सहित अन्य समस्याओं से छुटकारा संभव है। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि वे आगामी एक सप्ताह के दौरान सफाई व्यवस्था इस स्तर पर सुनिश्चित कराएं कि किसी भी गांव में कीचड़ और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नहीं रहनी चाहिए, क्योंकि कीचड़ और जलभराव से एक और जहां सार्वजनिक मार्गों से आवागमन के दौरान आम जन को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं, दूसरी ओर संक्रामक बीमारियां फैलने का भी खतरा बना रहता है। नालियों की साफ-सफाई और बेहतर निर्माण के साथ ही आउटलेट के लिए भी पर्याप्त प्रबंध हों, तभी जल निकास को बेहतर बनाया जा सकता है और गांव में जलभराव की समस्या दूर करना संभव हो सकता है। आगामी स्वतंत्रता दिवस के संबंध में उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि उनकी ग्राम पंचायतों के अंतर्गत सभी परिषदीय विद्यालयों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण होना चाहिए। पूरे सप्ताह अधिकारियों को भी भ्रमणशील रहकर गांव में साफ सफाई एवं सौंदर्यीकरण के अभियान का सत्यापन करने के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा जिलाधिकारी ने कहा कि वह स्वयं औचक रूप से ग्रामों का भ्रमण करके प्रधानों द्वारा ग्रामीण विकास के संबंध में की जा रही कार्यवाही का स्थलीय जायजा लेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चिह्नित परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को ड्रेस वितरित किए जाएंगे। इस वितरण कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान यह सुनिश्चित कराएंगे की सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क पहनने की अनिवार्यता को प्राथमिकता से लागू कराया जाए। उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण और उससे बचाव के लिए प्रशासनिक स्तर से किए जा रहे प्रयासों के बारे में ग्राम प्रधानों से विस्तार पूर्वक चर्चा की तथा कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव का एकमात्र उपाय है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का गंभीरता पूर्वक पालन करें और मास्क अनिवार्य रूप से पहनें। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में औचक भ्रमण के दौरान मास्क न पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने के मामले सामने आते हैं, जिससे कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने में समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ग्राम प्रधान भी लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएं।
इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधानों की समस्याएं सुनीं तथा उनकी समस्याओं को त्वरित रूप से निस्तारित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया। कूड़ा निस्तारण की समस्या के संबंध में उन्होंने कहा कि सभी ग्राम प्रधान गांव में कूड़ा निस्तारण के लिए जगह का चिन्हांकन कराएं, ताकि सड़क के किनारे एवं जहां तहां फैले कूड़े के ढेर को निर्धारित स्थल पर निस्तारित कराया जा सके। राशन कार्ड के सत्यापन एवं नए राशन कार्डों को जारी कराए जाने के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में इस संबंध में चलाए जा रहे अभियान का मुख्य उद्देश्य यही है कि अपात्र लोगों को चिह्नित करके उन्हें इस योजना से बाहर करते हुए पात्र लोगों को योजना से जोड़कर खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज ने कहा कि सभी ग्राम प्रधान पूर्ण मनोयोग के साथ अपनी ग्राम पंचायतों के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवनों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें