विधानसभा मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान शनिवार को ग्राम प्रधान ने कुछ नाम कटाने और कुछ जोड़ने के लिए हेडमास्टर पर दबाव डाला। मना करने पर उसने हेड मास्टर को पीट दिया। आरोप है कि अभिलेख भी फाड़ दिए। इधर, विद्यालय में मारपीट होने से बच्चे सहम गए। पीड़ित ने ग्राम प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय शाहदरा में तैनात हेडमास्टर नोनीराम निवासी किरा की बीएलओ के रूप में ड्यूटी लगी हुई है। शनिवार को विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान चल रहा था। जिसमें नए मतदाताओं को शामिल करने और सूची से पृथक नामों के लिए दावे लिए जा रहे थे।
इस बीच ग्राम प्रधान अकील अहमद स्कूल पहुंच गए। आरोप है कि सूची से कुछ नाम कटवाने और दावे स्वीकार करने के लिए दबाव बनाने लगे। इस पर हेडमास्टर ने मना कर दिया। जिसको लेकर प्रधान और हेडमास्टर में नोकझोंक हो गई। आरोप है कि प्रधान ने अभिलेख फाड़ दिए और हेडमास्टर को बुरी तरह से पीट दिया। जिससे हेडमास्टर के कपड़े फट गए। आरोप है कि गला दबाने की भी कोशिश की। मारपीट होने पर स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
शोरशराबा होने पर कुछ लोगों ने बीचबचाव किया। इसके बाद प्रधान धमकाते हुए चला गया। हेडमास्टर का नगर की सीएचसी पर मेडिकल कराया गया है। साथ ही प्रधान के खिलाफ दलित उत्पीड़न, सरकारी काम में बाधा, धमकाने, मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। हेडमास्टर पर हमले पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू साथियों समेत पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई।