रामपुर। बुधवार रात साढ़े सात बजे शुरू हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने शहर की बिजली व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया। बारिश और ओले पड़ने के साथ ही आधे शहर की बिजली गुल हो गई। देखते ही देखते कई मोहल्ले अंधेरे में डूब गए। रातभर बिजली नहीं आने से लोग परेशान रहे।
सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोगों की मुश्किल और बढ़ गई। बिजली के साथ पानी की व्यवस्था भी प्रभावित होने से घरों में लोगों को बचे हुए पानी से किसी तरह जरूरी काम चलाना पड़ा।
डूंगरपुर, किला, जेल रोड, शाहबाद गेट, शौकत अली रोड, ज्वाला नगर, सिविल लाइंस और पनवड़िया समेत शहर के कई हिस्सों में देर रात से बिजली आपूर्ति ठप रही। कुछ इलाकों में लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे, लेकिन रात गुजरने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
बृहस्पतिवार सुबह भी शहर के कई हिस्सों में लोग बिजली आने की राह देखते रहे। करीब साढ़े 13 घंटे बाद सुबह नौ बजे आपूर्ति सुचारु हो सकी। बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता प्रथम पीके शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण बाधित हुई बिजली आपूर्ति को सुचारु करा दिया गया है। सुबह नौ बजे तक प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई।