रामपुर। शहर में दोपहर को शुरू हुई तेज बारिश के बीच कई इलाकों की बिजली सप्लाई बंद हो गई, जिससे लोग काफी परेशान रहे। बादल छाने से दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल हो गया। कई इलाकों में एक से चार घंटे तक बिजली गुल रही।
दोपहर करीब एक बजे तेज बारिश शुरू होने के साथ ज्वाला नगर, शौकत अली रोड, सिविल लाइंस, पनवड़िया और रोडवेज क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। बारिश के चलते बिजलीघरों से शटडाउन लिया गया था। सप्लाई बंद होने से घरों में अंधेरा छाया रहा। मोटर नहीं चलने से लोगों को पानी की भी परेशानी का सामना करना पड़ा और नियमित कार्य प्रभावित रहे। कई घंटे तक लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। शाम करीब पांच बजे बारिश थमने के बाद सप्लाई सुचारू की जा सकी।
देर शाम शौकत अली रोड, किला और डूंगरपुर क्षेत्रों में हर 20 मिनट बाद ट्रिपिंग होती रही, जिससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।एक्सईएन प्रथम पीके शर्मा ने बताया कि सभी इलाकों की बिजली सप्लाई सुचारु कर दी गई है।