रामपुर। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। कहीं ट्रांसफार्मर तो कहीं तार बदलने के नाम पर बिजली विभाग घंटों कटौती कर रहा है। बृहस्पतिवार को अजीतपुर में ट्रांसफार्मर बदलने के चलते 10 घंटे बिजली गुल रही। वहीं सिविल लाइंस क्षेत्र में भी साढ़े चार घंटे की अघोषित कटौती की गई। बिजली न आने से हजारों लोग पानी के लिए भी परेशान हुए। बिजली विभाग ने गर्मी से पहले कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर बदलने के दावे किए थे, जो हवा-हवाई साबित हुए। जिससे लोगों को गर्मी से जूझना पड़ रहा है। अजीतपुर में बृहस्पतिवार को सुबह करीब सात बजे बिजलीकर्मी ट्रांसफार्मर बदलने पहुंचे। सात बजे से ही बिजली कटौती कर दी गई। यहां से 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर हटाकर 20 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया। इस काम में करीब 10 घंटे लगे और शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हुई।
10 घंटे तक बिजली न होने से लोग भीषण गर्मी और उमस में बेहाल हो गए। तमाम घरों में पानी की भी किल्लत हो गई। इस बीच लोग लगातार बिजलीघर से संपर्क करते रहे, लेकिन उन्हें सटीक जवाब नहीं मिला। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना था कि काम चलने के कारण अजीतपुर प्रथम की लाइन से बिजली सप्लाई दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इससे लोग परेेशान रहे।
वहीं शहर के सिविल लाइंस में सुबह साढ़े 8 बजे बिजली गुल हो गई। इससे मोटर न चलने से लोगों के घरों में पानी की भी किल्लत हो गई। दोपहर करीब एक बजे बिजली आई। साढ़े चार घंटे बिजली न होने से लोग बेहाल हो गए। लोगों ने कहा कि बिजली विभाग मनमाने तरीके से अघोषित बिजली कटौती कर रहा है। इससे काफी परेशानी होती है।
-
अजीतपुर द्वितीय में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की गई है। जिस वजह से सुबह सात बजे से बिजली सप्लाई शाम पांच बजे तक बंद रही। - इमरान खां, एक्सईएन प्रथम, रामपुर