रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद से ननिहाल आए अल्तमस (7) को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के चमरौआ गांव निवासी मुन्ने अली की बेटी की शादी 20 मई को हुई थी। जिसमें शामिल होने के लिए उनके दामाद मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र के खेरखाता गांव निवासी रईस भी आए थे। उनका बेटा अल्तमस भी साथ था। शादी का कार्यक्रम होने के बाद रईस परिवार के साथ चमरौआ में ही रुके हुए थे।
बृहस्पतिवार को अल्तमस चमरौआ चौराहे पर शाम करीब पांच बजे कुछ सामान लेने के लिए गया। इस दौरान एक अज्ञात कार चालक ने अल्तमस को टक्कर मार दी। हादसे में अल्तमस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। परिजनों ने बताया का दफीना मुरादाबाद में ही होगा।