शाहबाद। बरखेड़ा गांव में महेंद्र व उनके भाइयों के घर पर हुई लाखों की लूटकांड में शामिल दूसरे मास्टरमाइंड उस्मान ने 18 अगस्त को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस उसे रिमांड पर लेगी। पूछताछ में वारदात से जुड़े कई अहम राज खुलने की संभावना जताई जा रही है।
नौ जुलाई की रात शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर महेंद्र, मनोज और अनिल तीनो भाइयों के घर पर धावा बोलकर करीब 10 से 15 लाख रुपये की नकदी व सामान लूट लिया था। इस लूट का खुलासा करते हुए पुलिस अब तक शिवांग उर्फ नन्हे, वारिस, अनस और परवेज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
नामजद आरोपी निजाम ने एक अगस्त को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने रिमांड पर लेकर निजाम से भी लूटा गया माल बरामद भी कराया था। इसके बाद शाहरूख की गिरफ्तारी हुई और उसे जेल भेजा गया था। इसी कड़ी में अब दूसरा मास्टरमाइंड उस्मान को पुलिस रिमांड पर लेगी। कोतवाली प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि उस्मान को रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है।
रिमांड पर पूछताछ के दौरान लूट से जुड़े कई राज सामने आ सकते हैं। पुलिस अभी भी उस बदमाश की तलाश कर रही है, जिसने वारदात से पहले रेकी की थी। इस लूट में शामिल सात आरोपी बेनकाब हो चुके हैं।