भोट (रामपुर)। 11 साल से गायब चल रहे हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने खोज निकाला है। पुलिस टीम ने हिस्ट्रीशीटर को सत्यापन कर आवश्यक जानकारी ली और उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौर ने बताया कि मुतियापुरा गांव निवासी यादराम थाने के रिकाॅर्ड में हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पिछले 11 साल से यह गायब था। थाने के अभिलेख में भी उसे गायब दर्शाया गया था। गांव में जाने पर भी यही जानकारी मिलती थी कि वह पिछले कई वर्षों से घर बेचकर कहीं चला गया है। कुछ दिन पूर्व हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन का अभियान चला था। जिस पर एक बार फिर पुलिस सक्रिय हुई और गायब चल रहे यादराम की तलाश शुरू हुई थी। रविवार को हिस्ट्रीशीटर के अपनी रिश्तेदारी में जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे थाना क्षेत्र में ही नेशनल हाईवे पर रोक लिया और थाने ले आई थी। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर ने जानकारी दी कि वह कई वर्ष पूर्व जेल में बंद था। किसी ने उसकी जमानत नहीं कराई तो उसकी पत्नी ने गांव स्थित घर बेचकर उसकी जमानत कराई थी। तभी से वह हल्द्वानी में पत्नी व तीन बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता है। रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे उसके परिवार के सुपुर्द किया है।