रामपुर। पुलिस विभाग में काले जादू की चर्चा बड़े जोर से चल रही है। सभी पुलिस कर्मियों की जुबान पर ये ही है। ये मैसेज साइबर ठग के इंस्टाग्राम पर एक पीड़ित व्यक्ति ने दो दिन पहले भेजा था। पुलिस ने पीड़ित को संतुष्ट करने के लिए उसका जवाब भी दिया है कि आपका काला जादू चल गया। ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दो साइबर ठगों को बुधवार को गिरफ्तार किया था। इस मामले में मुस्तफा और साईम को पकड़ा था। पुलिस इस मामले में इंस्टाग्राम की चैट में आए मैसेज की जांच कर रही है। इसमें एक मैसेज ने पुलिस का ध्यान आकर्षित किया है।
दीप पटेल जिसको मुस्तफा ने आईफोन बेचने के लिए ठगा था, उसने अपने पैसे मांगने के लिए कई बार निवेदन किया है। परेशान होकर उसने लिखा है कि जब तक पेमेंट नहीं देगा तब तक तेरे साथ कुछ न कुछ गलत होगा, तूने सोचा नहीं होगा। तुझपर कल से काला जादू शुरू कर दूंगा, सुबह तक पेमेंट नहीं आई तो। जय गोगा महाराज गुड बाय ब्रो।
इसके बाद लिखा है ये सब मजाक में मत लेना, तेरे लिए बोल रहा हूं, फिर आकर मुझे मत बोलना कि काला जादू रोक दो। मेरे आगे मत गिड़गिड़ाना।
इतेफाक से दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उधर, पुलिस ने दीप पटेल को इंस्टाग्राम आईडी से जवाब दिया है कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। आपका जादू काम कर गया।
इस बात को लेकर पुलिस महकमे में बड़ी चर्चा है। पुलिस ग्रुप में काले जादू की यह चैट खूब घूम रही है। इस पर पुलिसकर्मी तरह-तरह के मीम प्रस्तुत कर रहे हैं।