रामपुर। साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 14 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरोह के तार दुबई तक जुड़े होने के साथ यूपी, उत्तराखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ से भी जुड़े पाए गए।
थाना सिविल लाइन और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 27 अक्तूबर 2025 को मोहल्ला मैगजीन फव्वारे के पास एक मकान में छापा मारकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से 37 पासबुक, 113 एटीएम कार्ड, 14 मोबाइल फोन और 101 सिम कार्ड समेत कई उपकरण बरामद किए गए थे।
मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंपी गई, जिसमें कुल 15 आरोपियों की पहचान की गई और 14 को गिरफ्तार कर लिया गया। क्राइम ब्रांच के निरीक्षक एवं विवेचक अजयवीर सिंह ने बताया कि सभी 14 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। गिरोह ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करता था और इसका संचालन दक्षिण भारत के साथ दुबई से भी जुड़ा हुआ था।
फरार आरोपी की तलाश जारी
क्राइम ब्रांच के अनुसार छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई निवासी सलमान अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।