केमरी। थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात गो तस्करों की पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से एक तस्कर घायल हो गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हो गए। घायल आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
शुक्रवार रात थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान अपनी टीम के साथ क्षेत्र गश्त कर रहे थे। रात करीब तीन बजे क्षेत्र के रहसेना गांव के जंगल के पास पहुंचे तो वहां पर पहले से ही मौजूद चार आरोपियों ने पुलिस टीम को देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा जवाबी फायरिंग के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
मौके से भाग रहे दूसरे आरोपी का पीछा कर पुलिस ने दबोच लिया। दो आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर जंगल की ओर भाग गए। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए खजुरिया थाना क्षेत्र के टिहरी ख्वाजा निवासी अकरम व मौके से भाग रहे केमरी थाना क्षेत्र के कोटरा गांव निवासी लियाकत उर्फ नजाकत को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और गोकशी के औजार बरामद किए हैं। मौके से खजुरिया थाना क्षेत्र के बम्मनपुरा गांव निवासी मोहम्मद अथर व केमरी थाना क्षेत्र के चकिया हयातनगर गांव निवासी अख्तर हुसैन फरार होने में कामयाब हो गए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान तीन दिन पूर्व पीलाखार नहर के किनारे गोवध करने की जानकारी भी पुलिस को दी है। दोनों पर जिले के विभिन्न थानों में छह से भी अधिक मुकदमे दर्ज हैं। मौके से फरार हुए दो अन्य आरोपियों की तलाश को पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है।