रामपुर। बिलासपुर क्षेत्र में एक निजी अस्पताल संचालक पर अस्पताल की सील तोड़कर मरीजों का इलाज करने और आयुष विभाग की जांच टीम से अभद्र व्यवहार करते हुए मोबाइल फोन छीनने के मामले में पुलिस ने पांच दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। आयुष विभाग ने इसकी शिकायत डीएम से की है।
बिलासपुर के नेशनल अस्पताल में स्वास्थ्य केंद्र को आयुष विभाग की टीम ने लगभग 18 दिन पहले अनियमितताओं के आधार पर सील बंद कर दिया था और संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की थी।
आरोप है कि संचालक ने बिना किसी अनुमति अस्पताल की सील तोड़कर मरीजों का इलाज शुरू कर दिया। शिकायत पर शुक्रवार को आयुष विभाग की टीम अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची तो डॉक्टर मरीजों का इलाज करते मिला। आरोप है कि डॉक्टर ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और उनके एक सदस्य का मोबाइल फोन छीन लिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप किया और जांच टीम का फोन वापस दिलवाया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने अस्पताल संचालक के खिलाफ सील तोड़ने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी थी। पांच दिन बाद भी बिलासपुर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं की है।