दढिय़ाल (रामपुर)।टीकाकरण के दौरान प्राथमिक स्कूल के बरामदे की छत का प्लास्टर उखड़ कर गिर गया। इस दौरान प्लास्टर का मलबा टीकाकरण कर रही आशा कार्यकर्ता के सिर में लगने से वह घायल हो गई। इस दौरान टीकाकरण कराने पहुंची कई महिलाएं और बच्चे भी बाल- बाल बच गए। घायल आशा कार्यकर्ता का कस्बे के एक निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया है ।
बुधवार को कस्बे के मोहल्ला भरतपुर के प्राथमिक स्कूल में एएनएम मुमताज जहां ,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री देवी और आशा पूनम देवी द्वारा स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा रहा था। अपराह्न करीब दो बजे टीकाकरण के दौरान अचानक स्कूल के जर्जर बरामदे की छत के कुछ हिस्से का प्लास्टर उखड़कर नीचे आ गिरा। प्लास्टर गिरने से मौके पर हड़कंप मच गया। मलबे का कुछ हिस्सा मौके पर टीकाकरण कर रही आशा कार्यकर्ता पूनम देवी के सिर पर आ गिरा जिससे वह घायल हो गईं। मौके पर मौजूद एएनएम ,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित टीकाकरण कराने पहुंची कुछ महिलाएं और बच्चे बाल - बाल बच गए। शोर शराबे की आवाज पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।घायल आशा कार्यकर्ता का कस्बे के एक निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया है ।