मसवासी। मुंशीगंज मार्ग पर तेज रफ्तार मिर्च से भरी पिकअप ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने घायलों को बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक पिकअप छोड़कर भाग गया, पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है।
घटना रविवार शाम लगभग सात बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर महिला सहित दो लोग सवार थे, जो मुंशीगंज की ओर से आ रहे थे। ज्यारत के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार मिर्च से भरी पिकअप ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल बेहोशी की हालत में होने के कारण उनका आपस में क्या रिश्ता है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ ने पिकअप को घेर लिया और घटना की सूचना चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर मानपुर तिराहे पर खड़ा करा दिया है।
चौकी प्रभारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि दुर्घटना में घायल होशियार सिंह और महिला शीला, उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।