रामपुर। चीनी मिल की जमीन पर बनी मक्का मिल काॅलोनी के 58 आवास फिलहाल खाली नहीं होंगे। काॅलोनीवासियों के अनुरोध के बाद शहर विधायक आकाश सक्सेना ने इस संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता की, जिसके बाद काॅलोनीवासियों को कुछ राहत मिली है।
चीनी मिल की जमीन पर मक्का मिल काॅलोनी में आवास बने हैं, जिनमें 58 परिवार रहते हैं। इन परिवारों का कहना है कि उन्हें आवास आवंटित किए गए थे, जिसके बाद से ही वह नियमित तरीके से किराया चुका रहे हैं। कुछ दिन पहले ही नगर मजिस्ट्रेट ने आवास खाली करने के संबंध में नोटिस जारी कर दिए थे, जिसके बाद ये परिवार शहर विधायक आकाश सक्सेना से मिले। इसके बाद विधायक ने डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ से बात की और उनसे लोगों के हित का ध्यान रखते हुए विचार करने का अनुरोध किया। जिसके बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों से बात की और फिलहाल मकान खाली न कराने पर सहमति बनी। विधायक आकाश सक्सेना ने बताया है कि अब इन 58 परिवारों के मकान फिलहाल खाली नहीं होंगे।