रामपुर। शहर में नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। छुट्टी के दिन अभियान न चलाकर शाहबाद से सिविल लाइन तक मुनादी कराई गई। जिसमें दुकानदारों से अपना सामान हटाने और पक्के अतिक्रमण स्वयं तोड़ने के लिए कहा गया। सोमवार से अभियान चलाकर अवैध निर्माण और अतिक्रमण तोड़ा जाएगा। जिन लोगों ने सामान नहीं हटाया उनको नोटिस भी थमाया जाएगा।
सुबह करीब 11 बजे ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी के निर्देश पर मुनादी कराई गई। इस दौरान टीम ने सबसे पहले शाहबाद गेट पर सभी व्यापारियों से कहा कि दुकान के बाहर रखे सामान को हटा लें। इसके बाद शौकत अली रोड पर दुकानदारों को अपना सामान हटाने और अतिक्रमण तोड़ने की बात कही गई। इसके बाद ज्वालानगर पुल तक अवैध रूप से बने पक्के चबूतरे हटाने के लिए कहा गया है। ईओ दुर्गेश्वर ने बताया कि किसी भी तरह का अतिक्रमण होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।