रामपुर। शहर के सेवा अस्पताल में सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने एवं मास्क न पहनाने पर नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता ने सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी औचक भ्रमण कर रहे थे। भ्रमण के दौरान वे सेवा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पाया कि अस्पताल परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग का बिल्कुल पालन नहीं किया जा रहा है। साथ ही मरीज एवं अस्पताल स्टाफ द्वारा मास्क का उपयोग भी नहीं किया जा रहा था। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में यदि कोरोना वायरसं के संक्रमण के मद्देनजर प्रशासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो अस्पताल प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का औचक भ्रमण करके सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क की अनिवार्यता को प्रभावी तरीके से लागू कराया जा रहा है। इसमें लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध जुर्माना सहित नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।