रामपुर। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्तूबर को जिले के छह कॉलेज में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को छह सेक्टरों में बांटा गया है। इस परीक्षा में 2400 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे।
संघ लोक सेवा आयोग की ओर से प्रदेश भर में 12 अक्तूबर को पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। रामपुर में इस बार भी यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिले में आयोजित की जाने वाली परीक्षा के लिए एडीएम प्रशासन को नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यह परीक्षा जिले के जुल्फिकार बालिका इंटर कालेज, राजकीय रजा स्नानतकोत्तर महाविद्यालय, गुरु नानक इंटर कॉलेज बिलासपुर, डीएवी इंटर कालेज बिलासपुर, राजकीय इंटर कॉलेज शाहबाद में आयोजित की जाएगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए प्रशासन की ओर से सेक्टर मजिस्ट्रेट लगा दिए गए हैं।
जिले के छह केंद्रों पर छह मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इस परीक्षा में 2400 परीक्षार्थी हिस्सा ले रहे हैं। परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। डीएम जोगिंदर सिंह ने परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश अफसरों को दिए हैं।